संवाददाता/ कृपा शंकर पांडेय
चोपन/सोनभद्र। सावन के दूसरे सोमवार, 10 अगस्त को चोपन-डाला नगर में भव्य शोभायात्रा और कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। महादेव सेवा समिति चोपन ने रविवार को आयोजित बैठक में यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि कांवड़ियों के सम्मान, सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यात्रा के दौरान कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए वाहन की भी व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि नगर के समाजसेवियों का लगातार सहयोग मिल रहा है। चोपन और डाला नगर में विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों के सहयोग से कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई है।
समिति ने नगरवासियों से भी शोभायात्रा और कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने दोहराया कि महादेव सेवा समिति कांवड़ियों की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार है। नगरवासियों के सहयोग से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी यात्रा को भव्य और सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
यात्रा के दौरान चोपन से डाला तक पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा रहेगा।
बैठक में अनूप गुप्ता, नुरु शुक्ला, संदीप चौरसिया, संतोष गुप्ता, जितेंद्र जायसवाल, आदित्य पाण्डेय, सोनू, अरविन्द विश्वकर्मा और संजय निषाद सहित महादेव सेवा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- नेटवर्क विहीन जुगैल में बजेगी कनेक्टिविटी की घंटी, डिजिटल दुनिया से जुड़ेंगे जुगैलवासी, तीन नए 4G टॉवर मंजूर

