जिला संवाददाता, कृपा शंकर पांडेय
चोपन/ सोनभद्र – विश्व हिंदू परिषद (विहिप) सोनभद्र की एक बैठक चोपन स्थित जिलाध्यक्ष के कार्यालय पर संपन्न हुई। बैठक में 13 और 14 अगस्त को बजरंग दल के बैनर तले न्याय पंचायत स्तर पर अखंड भारत संकल्प दिवस समारोहपूर्वक मनाने का आह्वान किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष विद्या शंकर पांडेय ने उपस्थित सभी प्रखंड पदाधिकारियों से इस आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की जो सीमाएं किन्हीं कारणों से विभाजित हो गई हैं, उन्हें पुनः प्राप्त करने के लिए समाज का आह्वान करना आवश्यक है। पांडेय ने जोर देकर कहा कि अपनी खंडित सीमाओं का स्मरण करते रहना है।
जन-जन तक यह संदेश पहुंचने पर विभाजित सीमाओं को प्राप्त करने की स्थिति स्वतः निर्मित हो जाएगी। उन्होंने संकल्प को हृदय में धारण करने की आवश्यकता पर बल दिया, इसलिए हमारा संकल्प अडिग होना चाहिए।
इस बैठक में प्रांत के उपाध्यक्ष जनार्दन और प्रांत के धर्म प्रसार प्रमुख नरसिंह त्रिपाठी की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
इस अवसर पर जिले के उपाध्यक्ष कमलेश दुबे, जिला धर्माचार्य संपर्क प्रमुख बृजेश मोदनवाल, जिला गोरक्षा प्रमुख जयप्रकाशधार दुबे, प्रखंड उपाध्यक्ष नागेश सिंह, प्रखंड मंत्री सोनू मोदनवाल, सह प्रखंड मंत्री श्याम सुंदर निषाद, प्रचार प्रसार प्रमुख सुजीत शर्मा और गोरक्षा प्रमुख विकास गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
