डाला में गूंजा देशभक्ति का ज्वार, भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गईं.

जिला संवाददाता, कृपा शंकर पांडेय

डाला/ सोनभद्र – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर मंगलवार को डाला मंडल अध्यक्ष संदीप सिंह पटेल के नेतृत्व में नगर पंचायत क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर मुख्य मार्ग होते हुए शहीद स्थल तक पहुंची, जहां जनसभा के साथ इसका समापन हुआ।

तिरंगा यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूरे नगर में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयकारे गूंजते रहे। तिरंगों से सजा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर पूरे देश में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं।

इसका उद्देश्य युवाओं और नागरिकों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को भी याद किया जा रहा है, जिनके बलिदान की बदौलत आज हम स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं।

इस दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपक दुबे, मुकेश जैन, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह पटेल, विकास मिश्रा, शंभू सिंह गोंड़, मनीष तिवारी, बृजेश पांडेय, विशाल कुमार, कृपाशंकर पांडेय, संतोष कुशवाहा, सौरभ सिंह, धरमु बैगा, राजेश पटेल, जितेंद्र ठाकुर, प्रकाश चौधरी, सर्वेश पटेल, भोला चेरो आदि मौजूद रहे।