संवाददाता , सौरभ कुमार मिश्र
घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के चोरट गांव में मंगलवार शाम खेत की जुताई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर पर बैठे छह वर्षीय बालक का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सूत्रों के अनुसार, 11 अगस्त, मंगलवार शाम करीब 6:35 बजे डायल-112 के माध्यम से हादसे की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेने के साथ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक की पहचान छह वर्षीय सूर्य प्रताप कोल, पुत्र संतोष कुमार, पौत्र रामकेश कोल के रूप में हुई है। सूर्य प्रताप स्वामी विवेकानंद विद्यालय, मुड़िलाडीह में कक्षा एक का छात्र था।
बताया जा रहा है कि ग्राम चोरट में पनौली निवासी वाहन स्वामी से रामकेश कोल ने ट्रैक्टर मांगकर अपने खेत की जुताई के लिए ले गया था। इसी दौरान बच्चों की जिद पर रामकेश के घरवालों ने बच्चों को ट्रैक्टर पर बैठा दिया। ट्रैक्टर पर कुल तीन बच्चे बैठे हुए थे।
खेत में जुताई के दौरान ट्रैक्टर में अचानक झटका लगा, जिससे सूर्य प्रताप का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर रोटावेटर की चपेट में आ गया। रोटावेटर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। मासूम की मौत से परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
