म्योरपुर में दो अलग-अलग घटनाओं से मचा हड़कंप, आकाशीय बिजली से बालक अचेत, विवाहिता ने सिंदूर का सेवन किया; सीएचसी में भर्ती

संवाददाता, सौरभ कुमार मिश्र

म्योरपुर। सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो अलग-अलग घटनाओं में एक बालक आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अचेत हो गया, जबकि एक विवाहिता ने विवाद के बाद सिंदूर का सेवन कर लिया।

दोनों मामलों में परिजनों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू कर दिया।

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बालक अचेत

पहली घटना मंगलवार शाम रासपहरी गांव में हुई। बताया जा रहा है कि छह वर्षीय कार्तिक सिंह पुत्र वीर कुंवर अपने घर के बाहर खेल रहा था।

इसी दौरान वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया और अचेत हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मदद से बालक को सीएचसी म्योरपुर ले जाया गया,

जहां चिकित्सकों ने तत्काल उसका इलाज शुरू किया।

विवाद के बाद विवाहिता ने सिंदूर का सेवन किया

दूसरी घटना म्योरपुर थाना क्षेत्र के गड़िया गांव की है। यहां सोनी पत्नी महेंद्र का किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

इसी दौरान उसने सिंदूर का सेवन कर लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने विवाहिता को तत्काल सीएचसी म्योरपुर में भर्ती कराया।

चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।

दोनों घटनाओं के बाद संबंधित परिवारों में चिंता का माहौल है। पुलिस द्वारा दोनों मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।