हरियाली तीज पर सजी तीज की उमंग, प्रियंका गुप्ता बनीं तीज क्वीन

जिला संवाददाता/ कृपा शंकर पांडेय

वनिता मंडल की ओर से आफिसर्स क्लब-1 में भव्य आयोजन, महिलाओं ने प्रस्तुत किए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

ओबरा/सोनभद्र। तापीय परियोजना ओबरा आवासीय परिसर स्थित आफिसर्स क्लब-1 में वनिता मंडल की ओर से हरियाली तीज के अवसर पर ‘तीज की उमंग’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वनिता मंडल की अध्यक्षा सुभद्रा यादव, उपाध्यक्ष रितू सिंघल, मधुलिका राय, रीना चतुर्वेदी एवं मणी चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।


कार्यक्रम के दौरान वनिता मंडल की सचिव माण्डवी वर्मा ने सभी को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर को समाज के सामने प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी मेलजोल और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।


हरियाली तीज उत्सव के दौरान महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में कजरी गीत, गायन, नृत्य एवं विभिन्न रैंडम गेम सहित अनेक रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। महिलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया और पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।
तीज क्वीन प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र


कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘तीज क्वीन प्रतियोगिता’ रही। प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बाद प्रियंका गुप्ता ने अपनी प्रतिभा के दम पर तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया, जबकि हर्षिता गुप्ता रनर-अप रहीं। विजेताओं को उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


कार्यक्रम का सफल संचालन वनिता मंडल की उप सचिव श्रेयता चौरसिया ने किया। आयोजन को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने में मुख्य व्यवस्थापक अनुप्रिया मिश्रा, शिप्रा श्रीवास्तव एवं आशा जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कार्यक्रम की सजावट से लेकर स्वादिष्ट व्यंजनों तक की विशेष व्यवस्था की।
कार्यक्रम के समापन पर वनिता मंडल की अध्यक्षा सुभद्रा यादव ने सभी प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी सदस्याओं एवं व्यवस्थापक टीम का आभार व्यक्त किया।