ऊर्जांचल में बिजली का संकट, सोनभद्र के चंद्रभान नगर में महीनेभर से अंधेरा, सड़क पर उतरे ग्रामीण

गोविंदपुर/सोनभद्र | सौरभ कुमार मिश्र

सोनभद्र को देश का ‘ऊर्जांचल’ कहा जाता है। यहां स्थित ताप एवं जल विद्युत परियोजनाएं देश के कई राज्यों को बिजली उपलब्ध कराती हैं, लेकिन विडंबना यह है कि इसी जिले के एक गांव के लोग पिछले एक महीने से बिजली संकट झेलने को मजबूर हैं। लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज ग्रामीण शनिवार को सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन कर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

मामला म्योरपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत कुंडाडीह के चंद्रभान नगर का है। ग्रामीणों का आरोप है कि मोहल्ले में लगे 25 केवी ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण पिछले लगभग एक महीने से कई घरों में बिजली नहीं पहुंच रही है। इस दौरान कई बार विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर और एसडीओ से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि लगातार बिजली न रहने से पेयजल संकट गहरा गया है। बिजली के अभाव में मोटर नहीं चल पा रही है, जिससे लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है और उमस भरी गर्मी में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को कई बार लिखित और मौखिक शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।

प्रदर्शन में ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार, संपत मेहंदी, बबलू, अनंत यादव, आफताब हुसैन, राजेंद्र रवानी, सफीक अहमद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में विद्युत विभाग से तत्काल खराबी दूर कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

वहीं, मामले पर विद्युत विभाग के एसडीओ शिवम गुप्ता ने बताया कि ट्रांसफार्मर पूरी तरह खराब नहीं है। केवल एक फेज (खूंटी) से बिजली आपूर्ति बाधित है, जबकि अन्य फेज से सप्लाई सामान्य रूप से चल रही है। जिस फेज में तकनीकी खराबी आई है, उसे जल्द ठीक कराकर प्रभावित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी