दहेज में 5 लाख रुपये की मांग , विवाहिता को पीटकर घर से निकालने का दावा; पति समेत चार पर केस दर्ज

कृपा शंकर पांडेय, जुगैल/सोनभद्र

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, जुगैल थाना क्षेत्र के सेमिया टोला छितिकपुरवा निवासी प्रियंका का विवाह 20 अप्रैल 2024 को श्यामू केवट के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद पति श्यामू केवट, ससुर कामेश्वर केवट, सास लखराजी देवी और ननद दिव्या अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे।

पीड़िता का आरोप है कि शुरुआत में उससे दहेज में अपाचे मोटरसाइकिल की मांग की गई। बाद में ससुराल पक्ष ने कथित तौर पर उससे कहा कि एक रिश्तेदार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा और बाद में समझौते के नाम पर पांच लाख रुपये लिए जाएंगे। जब उसने इस कथित योजना का विरोध किया, तो उससे सीधे मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ना की गई।

प्रियंका का आरोप है कि 27 दिसंबर 2025 को उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद वह अपने मायके चली गई और न्याय के लिए अधिकारियों से गुहार लगाई। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने पर उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जुगैल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस ने पति श्यामू केवट, ससुर कामेश्वर केवट, सास लखराजी देवी और ननद दिव्या के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।