सौरभ कुमार मिश्र, दुद्धी/सोनभद्र
सोनभद्र के दुद्धी तहसील में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से जन शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, विकास कार्यों और जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखते हुए प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच की जाए तथा शिकायतकर्ताओं को समय पर कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर जांच करने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का स्थायी और न्यायसंगत समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, जिससे भविष्य में विवाद की पुनरावृत्ति न हो।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों की गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करते हुए शिकायतों के समाधान की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही प्रत्येक शिकायत के निस्तारण में जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
जिले की सभी तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान संबंधित उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों ने भी आमजन की शिकायतें सुनकर उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
