बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा मौका, कृषि विभाग के एग्रीस्टैक सर्वे से 10–15 दिन में ₹30 हजार तक कमाने का अवसर

ब्यूरो , मिर्जापुर

अगर आप बेरोजगार हैं और कम समय में अच्छी आय का अवसर तलाश रहे हैं, तो उत्तर प्रदेश कृषि विभाग आपके लिए एक बेहतरीन मौका लेकर आया है। विभाग की ओर से एग्रीस्टैक ई-खसरा सर्वे के लिए निजी सर्वेयरों की नियुक्ति की जा रही है। इस कार्य के लिए चयनित सर्वेयरों को प्रति गाटा 10 रुपये मानदेय दिया जाएगा। यदि कोई सर्वेयर 3,000 गाटों का सर्वे पूरा करता है, तो वह 10 से 15 दिनों में करीब 30 हजार रुपये तक की कमाई कर सकता है।

उप निदेशक कृषि विकेश कुमार सिंह पटेल ने बताया कि एग्रीस्टैक सर्वे पहले होने वाली पारंपरिक खसरा पड़ताल का डिजिटल रूप है। अब यह पूरा कार्य एंड्रॉयड मोबाइल एप के माध्यम से किया जाएगा। सर्वेयर को खेतों में जाकर फसलों का निरीक्षण करना होगा, उनकी पहचान करनी होगी और संबंधित जानकारी के साथ फसल की फोटो ऑनलाइन अपलोड करनी होगी।

उन्होंने बताया कि यह कार्य पूरी तरह निजी व्यवस्था के तहत कराया जा रहा है। इसके लिए कोई भी पढ़ा-लिखा बेरोजगार युवा आवेदन कर सकता है। सर्वेयर को अपने क्षेत्र या आसपास की ग्राम पंचायतों में जाकर खेतों का सर्वे करना होगा। सरकार की ओर से प्रत्येक गाटा के सर्वे पर 10 रुपये का भुगतान किया जाएगा।

10 से 15 दिन में 30 हजार रुपये तक कमाने का मौका

कृषि विभाग के अनुसार, एक निजी सर्वेयर को अधिकतम 3,000 गाटों का सर्वे करने की अनुमति होगी। यदि वह निर्धारित समय में सभी गाटों का सर्वे पूरा कर लेता है, तो प्रति गाटा 10 रुपये के हिसाब से उसे लगभग 30,000 रुपये का मानदेय प्राप्त होगा। विभाग का कहना है कि यह कार्य 10 से 15 दिनों के भीतर पूरा किया जा सकता है।

कौन कर सकता है आवेदन?

एग्रीस्टैक सर्वे के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के पास निम्न योग्यताएं होना आवश्यक है—

  • हाईस्कूल या इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना चाहिए।
  • एंड्रॉयड मोबाइल फोन होना अनिवार्य है।
  • मोबाइल एप का सामान्य उपयोग करना आना चाहिए।
  • फसलों की पहचान करने की बुनियादी जानकारी होनी चाहिए।
  • खेतों में जाकर फोटो खींचकर ऑनलाइन अपलोड करने में सक्षम होना चाहिए।

कैसे करें आवेदन?

उप निदेशक कृषि के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी Agri UP प्लेटफॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन अपने ग्राम पंचायत या निकटवर्ती ग्राम पंचायत के लिए किया जा सकता है। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और पात्र अभ्यर्थी जल्द आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

कृषि विभाग का मानना है कि एग्रीस्टैक परियोजना से न केवल कृषि आंकड़ों का डिजिटलीकरण होगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को रोजगार और अतिरिक्त आय का अवसर भी मिलेगा।