दुद्धी कचहरी की सुरक्षा होगी हाईटेक, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

सौरभ कुमार मिश्रा, दुद्धी/सोनभद्र

सोनभद्र जिले की दुद्धी तहसील कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था को जल्द ही हाईटेक बनाया जाएगा। परिसर की सुरक्षा मजबूत करने के लिए चारों ओर नई बाउंड्रीवाल का निर्माण, आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा पेयजल, शौचालय और अधिवक्ताओं के बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शनिवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने समाधान दिवस के बाद कचहरी परिसर का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। बार एसोसिएशन ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल के पुनर्निर्माण, मुख्य प्रवेश द्वार पर निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा परिसर में आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग रखी।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में आने वाले अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक प्रस्ताव जल्द प्रस्तुत किए जाएं।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। परिसर में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सकेगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने न्यायालय परिसर में पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। संबंधित विभागों को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए ताकि अधिवक्ताओं और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडेय ने प्रशासन के समक्ष अधिवक्ताओं की समस्याओं को विस्तार से रखा। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त होने के कारण सुरक्षा प्रभावित हो रही है तथा आवारा पशुओं और असामाजिक तत्वों का प्रवेश भी आसान हो जाता है। उन्होंने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की मांग की।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बार एसोसिएशन को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बनाने के साथ-साथ न्यायालय परिसर की आधारभूत सुविधाओं में भी व्यापक सुधार किया जाएगा।

बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रशासन के इस सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही दुद्धी कचहरी आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर नागरिक सुविधाओं से लैस होगी।