बिहार में 51,600 करोड़ रुपये के निवेश पर करार, स्टील से लेकर परमाणु ऊर्जा तक लगेंगी नई परियोजनाएं

bihar-deal

पटना। बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में गुरुवार को आयोजित समारोह में उद्योग विभाग और विभिन्न औद्योगिक समूहों के बीच करीब 51,600 करोड़ रुपये के निवेश से जुड़े एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इन निवेश प्रस्तावों के तहत राज्य में इस्पात, वस्त्र, परमाणु ऊर्जा, फूड प्रोसेसिंग, फार्मा और अन्य क्षेत्रों में नई औद्योगिक परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी।

बिहार को स्टील हब बनाने की तैयारी

लोकसेवक आवास में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को देश के प्रमुख स्टील हब के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि स्टील, टेक्सटाइल, क्लीन एवं परमाणु ऊर्जा, फूड प्रोसेसिंग और फार्मा जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ने से राज्य में रोजगार, उत्पादन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में स्टील एवं मेटल आधारित उद्योगों के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं और बड़ी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

मिशन मोड में लागू होंगी परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि एमओयू केवल कागजी समझौते तक सीमित नहीं रहने चाहिए। सभी परियोजनाओं को मिशन मोड में तेजी से धरातल पर उतारा जाए तथा निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। साथ ही स्वास्थ्य एवं फार्मा सेक्टर में भी निवेश को प्राथमिकता देने की बात कही।

‘बिल्ड एंड बिलीव’ होगा विकास का मंत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि “बिल्ड एंड बिलीव (Build & Believe)” बिहार के औद्योगिक विकास का मूल मंत्र होगा। उन्होंने बिहार बिजनेस कनेक्ट 2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस आयोजन के माध्यम से देश-विदेश के प्रमुख निवेशकों और औद्योगिक समूहों को बिहार में निवेश के लिए आकर्षित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विशाल बाजार, युवा मानव संसाधन, निवेशकों का बढ़ता विश्वास, उद्योग-अनुकूल नीतियां और बेहतर आधारभूत संरचना बिहार को देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों की श्रेणी में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

किन कंपनियों ने किया निवेश का करार?

bihar
कंपनीक्षेत्रनिवेश (करोड़ रुपये)
श्याम स्टीलइस्पात5,000
शाकंभरी इस्पात एंड पावरइस्पात5,000
नक्षित आयरन एंड स्टीलइस्पात6,836
श्रीलंगटा बाबा मेटल्स एंड पावरइस्पात5,500
अंकुर स्टीलइस्पात6,000
श्रीसमृद्धि स्टीलइस्पात290
ग्लोबल रिनिवेबल एडवांस्ड क्लीन एनर्जी (GRACE)न्यूक्लियर एनर्जी22,500
क्रियेटिव ग्रुपवस्त्र उद्योग250
भारत साइंस एंड इनोवेशनविज्ञान एवं नवाचार200
अनुभव एपरेल्सवस्त्र उद्योग50