राबर्ट्सगंज में सपा सांसद ने कार्यकर्ताओं से की मुलाकात, फ्लाईओवर की समस्या जल्द दूर कराने का दिया भरोसा

Photo

सौरभ कुमार मिश्र

सोनभद्र। दिल्ली से लौटने के दौरान सपा सांसद छोटेलाल खरवार शुक्रवार को राबर्ट्सगंज में रुके और स्वर्ण जयंती चौक स्थित एक चाय की दुकान पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान चाय पर हुई बातचीत में स्थानीय समस्याओं के साथ पार्टी की आगामी गतिविधियों और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई।

कार्यकर्ताओं ने सांसद के सामने राबर्ट्सगंज फ्लाईओवर से जुड़ी समस्या रखी। बताया गया कि फ्लाईओवर में लगे कुछ पाइप टूटे हुए हैं, जिसके कारण बारिश का गंदा पानी नीचे गिर रहा है। इससे फ्लाईओवर के नीचे से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। कार्यकर्ताओं ने इस समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग सांसद से की।

अधिकारियों से बातचीत कर समाधान का भरोसा

सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि दिल्ली में व्यस्त कार्यक्रमों के चलते फिलहाल अधिक समय नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही राबर्ट्सगंज में कार्यकर्ताओं और नगरवासियों के साथ बैठक की जाएगी। इस दौरान स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी।उन्होंने फ्लाईओवर के टूटे पाइप समेत लोगों से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा भी दिलाया।

Sansand

11 और 12 अगस्त को सोनभद्र आएंगे राम आश्रय विश्वकर्मा

बैठक के दौरान सांसद ने पार्टी के आगामी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) जनसंपर्क कार्यक्रम को लेकर भी कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सपा के पूर्व मंत्री राम आश्रय विश्वकर्मा 11 और 12 अगस्त को सोनभद्र में रहेंगे।इस दौरान पूर्व मंत्री जिले की चारों विधानसभा सीटों का दौरा करेंगे। वह पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठन की स्थिति की जानकारी भी लेंगे।

ad

गांव और बूथ स्तर तक पीडीए कार्यक्रम पहुंचाने पर जोर

सांसद खरवार ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सक्रिय रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी के पीडीए कार्यक्रम को गांव और बूथ स्तर तक ले जाने की जरूरत है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों से संपर्क करने को कहा। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं ने नगर की अन्य समस्याओं के साथ संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी सांसद के साथ चर्चा की।