सौरभ कुमार मिश्रा, बभनी/सोनभद्र
रोजगार की तलाश में राजस्थान गए सोनभद्र के एक मजदूर का पिछले नौ महीने से कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिवार का आरोप है कि जिस ठेकेदार के साथ वह मजदूरी करने गया था, वह लगातार उन्हें गुमराह कर रहा है और हर बार अलग-अलग बहाने बनाकर मामले को टाल देता है। लंबे समय से कोई जानकारी न मिलने के कारण परिजन गहरे सदमे में हैं। अब मजदूर के बेटे ने बभनी थाने में तहरीर देकर पिता की तलाश कराने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामला सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के बिछियारी गांव का है। गांव निवासी लालमन (51 वर्ष) पुत्र देवनाथ अक्टूबर 2025 में बेहतर रोजगार और परिवार के भरण-पोषण के लिए राजस्थान के उदयपुर मजदूरी करने गए थे। बताया जा रहा है कि वह गांव के ही एक ठेकेदार के माध्यम से काम पर गए थे। शुरुआती दिनों में लालमन की परिवार से नियमित बातचीत होती रही, जिससे परिजनों को किसी तरह की चिंता नहीं थी। लेकिन कुछ समय बाद अचानक उनका मोबाइल बंद हो गया और परिवार से उनका संपर्क पूरी तरह टूट गया।
परिजनों के अनुसार, जब भी उन्होंने लालमन के बारे में जानकारी लेने के लिए संबंधित ठेकेदार से संपर्क किया, तो हर बार उन्हें यही जवाब मिला कि “वह काम कर रहे हैं, जल्द घर लौट आएंगे।” परिवार का आरोप है कि ठेकेदार ने कभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी और लगातार उन्हें टालता रहा। समय बीतता गया, लेकिन न तो लालमन घर लौटे और न ही उनकी कोई विश्वसनीय जानकारी मिल सकी।
करीब नौ महीने बीत जाने के बाद भी लालमन का कोई पता नहीं चलने से परिवार की चिंता अब भय में बदल चुकी है। घर में पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि लालमन कभी बिना बताए इतने लंबे समय तक घर से दूर नहीं रहे। ऐसे में किसी अनहोनी की आशंका भी उन्हें लगातार परेशान कर रही है।
लालमन के बेटे ने बभनी थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी है। उसने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर उसके पिता का जल्द से जल्द पता लगाया जाए। परिवार ने प्रशासन से राजस्थान पुलिस और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर मजदूर की खोजबीन तेज करने की भी अपील की है।
परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते ठेकेदार ने सही जानकारी दी होती और संबंधित एजेंसियों को सूचित किया गया होता, तो शायद अब तक लालमन का पता चल सकता था। उनका आरोप है कि लगातार टालमटोल के कारण मामले में काफी देरी हुई है।
इस संबंध में उपनिरीक्षक शिवमूरत यादव ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है। संबंधित ठेकेदार को पूछताछ के लिए बुलाया गया है और उससे आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने वाले मजदूरों की सुरक्षा और नियमित संपर्क बनाए रखने के लिए प्रभावी व्यवस्था की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
