दिल्ली में पप्पू यादव पर चाकू से हमले की कोशिश, सांसद ने लगाए साजिश के आरोप

चीफ ब्यूरो, नई दिल्ली/पटना

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के दिल्ली स्थित आवास पर रविवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने कथित तौर पर उन पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद समर्थकों ने युवक को तुरंत पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद सांसद पप्पू यादव ने इसे अपने और अपने परिवार की हत्या की सुनियोजित साजिश बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रेस वार्ता के दौरान अचानक एक युवक मंच के पास पहुंच गया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर हंगामा मच गया। मौजूद समर्थकों ने तत्काल उसे काबू में कर लिया। सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं थी, बल्कि उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की एक सोची-समझी साजिश थी। उन्होंने दावा किया कि जब हंगामा बढ़ा तो उन्होंने खुद उस युवक को भीड़ के गुस्से से बचाने का प्रयास किया।

सांसद ने कहा कि वह प्रेस के साथ बातचीत कर रहे थे, तभी उन पर हमला करने की कोशिश की गई। उनके मुताबिक मौके पर मौजूद कुछ लोग युवक के खिलाफ आक्रोशित थे और उसे मारने की बातें कर रहे थे। पप्पू यादव का कहना है कि यदि वहां मौजूद लोगों ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया होता, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

उन्होंने हाल के दिनों में उठाए गए अपने राजनीतिक मुद्दों का भी जिक्र किया। पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने केवल यह सवाल उठाया था कि राम मंदिर चंदा मामले में कथित 200 किलो चांदी और सोने का क्या हुआ, लेकिन इसके बाद से लगातार उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए सांसद ने कहा कि वह काफी समय से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस सक्षम है, लेकिन उन्हें अब तक पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने सवाल किया कि आखिर उन्होंने ऐसा कौन-सा अपराध किया है, जिसके कारण उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब हाल ही में संसद परिसर में राम मंदिर चंदा मुद्दे को लेकर किए गए एक नुक्कड़ नाटक के कारण पप्पू यादव विवादों में रहे हैं। साधु के वेश में प्रस्तुत किए गए इस नाटक को लेकर भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों ने विरोध दर्ज कराया था। दिल्ली, वाराणसी समेत कई स्थानों पर उनके खिलाफ शिकायतें और एफआईआर भी दर्ज कराई गई हैं।

गौरतलब है कि इससे कुछ दिन पहले भी पप्पू यादव ने दावा किया था कि उनकी आधिकारिक वेबसाइट के शिकायत पोर्टल पर उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी। ताजा घटना के बाद एक बार फिर उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

फिलहाल दिल्ली पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।