10 वर्षीय चयन वेतनमान की मांग को लेकर शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

सोनभद्र के चोपन में 16448 शिक्षक भर्ती बैच के शिक्षकों ने 10 वर्ष की सेवा पूरी होने पर चयन वेतनमान स्वीकृत करने की मांग को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ब्यूरो, कृपा शंकर पांडेय
सोनभद्र। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, विकासखंड चोपन के शिक्षकों ने 16448 शिक्षक भर्ती के 10 वर्ष पूरे होने पर चयन वेतनमान स्वीकृत किए जाने की मांग को लेकर सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ब्लाक अध्यक्ष राघवेंद्र कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में शिक्षकों ने ब्लाक संसाधन केंद्र चोपन में खंड शिक्षा अधिकारी लोकेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग से अवगत कराया।
31 अगस्त 2026 को पूरे हुए सेवा के 10 वर्ष
ज्ञापन में शिक्षकों ने बताया कि 16448 शिक्षक भर्ती बैच के अंतर्गत चयनित शिक्षक 31 अगस्त 2016 को बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्त हुए थे। नियुक्ति तिथि से लगातार एवं संतोषजनक सेवा पूरी करते हुए इन शिक्षकों ने 31 अगस्त 2026 को सेवा के 10 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं।
शिक्षकों का कहना है कि 10 वर्ष की सेवा पूरी होने के बाद वे चयन वेतनमान स्वीकृत किए जाने की पात्रता हासिल कर चुके हैं।
चयन वेतनमान स्वीकृत करने की मांग
शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपे ज्ञापन की प्रतिलिपि बेसिक शिक्षा अधिकारी के नाम भी दी। उन्होंने मांग की कि चयन वेतनमान के अंतर्गत पात्र सभी शिक्षकों का चयन वेतनमान स्वीकृत करते हुए आवश्यक कार्यवाही पूरी की जाए और जल्द आदेश निर्गत किया जाए।
ज्ञापन लेने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी लोकेश मिश्रा ने शिक्षकों को हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
ये शिक्षक रहे मौजूद
इस दौरान अरविंद कुमार चौहान, मोहम्मद आसिफ जिया, मिथिलेश कुमार, शशांक यादव, प्रदीप बसु, अंजली उपाध्याय, रेवती रमण पाठक, वीरेंद्र कुमार पनिका, आलोक कुमार तिवारी, संतोष कुमार सिंह, दीपक कुमार, मोहित सिंह चौहान, राजकुमार बैस, अजय कुमार, आशिक अली, मनीष कुमार पाठक, लाल कुमार बैस और बृजेश कुमार बैस मौजूद रहे।
