Sonbhadra News: ऑपरेशन शुद्धि का बड़ा वार, 220 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार; 1.10 करोड़ की खेप बरामद

ब्यूरो :- कृपा शंकर पांडेय
सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सोनभद्र पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 220 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल EICHER PRO 1075 वाहन, दो मोबाइल फोन और 4,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये है।
संदिग्ध वाहन की चेकिंग के दौरान हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन शुद्धि चलाया जा रहा है। अभियान के तहत संदिग्ध वाहनों और तस्करी से जुड़े लोगों पर नजर रखकर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी की सूचना मिली। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने होटल डीआर ग्रीन, सनबीम स्कूल मोड़ तिराहा और ग्राम नगुआर क्षेत्र के आसपास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की।
पुलिस को देखकर भागने का प्रयास
चेकिंग के दौरान पुल के पास एक छह पहिया EICHER वाहन संदिग्ध स्थिति में दिखाई दिया। पुलिस टीम के मुताबिक, वाहन में बैठे दोनों व्यक्तियों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया।
हालांकि, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिरस पुत्र होरम (45 वर्ष) निवासी ग्राम अरहई, थाना औसियां, जनपद बदायूं और गोविंद पुत्र सुरेंद्र (25 वर्ष) निवासी ग्राम मियारी, थाना औसियां, जनपद बदायूं के रूप में हुई है।

वाहन में बना था गुप्त केबिन
पुलिस के अनुसार, वाहन की तलाशी के दौरान मालवाहक हिस्से के अग्रिम भाग में लोहे की चादरों से वेल्डिंग कर बनाया गया एक विशेष गुप्त केबिन मिला।
पुलिस का दावा है कि इस केबिन को सात हिस्सों में बांटा गया था और इन्हीं हिस्सों में गांजा छिपाकर रखा गया था। तलाशी के दौरान कुल 220 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
ओडिशा से दिल्ली ले जाने की बात सामने आई
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने गांजे की खेप ओडिशा से दिल्ली ले जाने की बात बताई है। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस खंगाल रही तस्करी का नेटवर्क
220 किलो गांजे की बरामदगी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेप को कहां से भेजा गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही, तस्करी के लिए वाहन में विशेष गुप्त केबिन तैयार करने और इस्तेमाल करने से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
