Sonbhadra News: कोन पुलिस ने दो अंतरजनपदीय गोतस्करों को दबोचा, सात गोवंश बरामद

Sonbhadra News: कोन पुलिस ने रामगढ़ बाजार में दो पिकअप से ले जाए जा रहे सात गोवंश बरामद किए। पुलिस ने दो अंतरजनपदीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो :- कृपा शंकर पांडेय
सोनभद्र। गोतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोन पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। रामगढ़ बाजार में वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो पिकअप वाहनों से क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे सात गोवंश बरामद किए। मौके से दो अंतरजनपदीय आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। बरामद गोवंशों में छह गाय और एक बछड़ा शामिल है। पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों को भी कब्जे में ले लिया।
रामगढ़ बाजार में चेकिंग के दौरान पकड़े गए
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को दोपहर करीब 12:25 बजे थाना कोन पुलिस की टीम रामगढ़ बाजार में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो पिकअप वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। दोनों वाहनों में सात गोवंश क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे थे।
पुलिस ने मौके से बृजेश कुमार (24) निवासी मुजेहरा कला, थाना चिल्ह, जनपद मीरजापुर और संदीप राम (21) निवासी रजमला, थाना कोईरौना, जनपद संत रविदास नगर (भदोही) को गिरफ्तार किया।
प्रयागराज से गोवंश खरीदकर झारखंड ले जाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रयागराज के ग्रामीण क्षेत्र भिदिउरा से गोवंशों को कम कीमत पर खरीदते थे। इसके बाद भदोही और मीरजापुर होते हुए सोनभद्र के तेलगुड़वा मार्ग से गोवंशों को गढ़वा, झारखंड ले जाकर अधिक कीमत पर बेचते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी रास्ते बदल-बदलकर गोवंशों को ले जाते थे।
गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोन में गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं 3/5ए/5बी/8 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
बृजेश का पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बृजेश कुमार का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना विंढमगंज में वर्ष 2024 में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में की गई।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक रमाकान्त पाल, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार, हेड कांस्टेबल अभिषेक यादव और कांस्टेबल अभिषेक सिंह शामिल रहे।
