ऑपरेशन ऑल आउट में ड्रोन से निगरानी, संदिग्धों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चला

ब्यूरो :- कृपा शंकर पांडेय
सोनभद्र। अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सोनभद्र पुलिस के द्वारा ऑपरेशन ऑल आउट के तहत शनिवार के रात में जिलेभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। वही पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने राबर्ट्सगंज और चोपन क्षेत्र में स्वयं मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी की। इस दौरान ड्रोन के माध्यम से भी प्रमुख मार्गों और आसपास के क्षेत्रों पर नजर रखी गई।
पुलिस अधीक्षक ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों को रोककर उनकी जांच कराई। वाहन चालकों से पूछताछ के साथ ही आवागमन और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एएसपी ऋषभ रुणवाल समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

ऑपरेशन ऑल आउट के तहत जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग करते रहे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को अपराध की रोकथाम के लिए लगातार भ्रमण और चेकिंग करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

पुलिस के अनुसार, जिले में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ऑपरेशन ऑल आउट के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा।
