सौरभ कुमार मिश्रा, रामगढ़/सोनभद्र
सोनभद्र जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में महिलाओं और युवतियों पर अशोभनीय टिप्पणियां (फब्तियां) कसकर उन्हें परेशान कर रहे एक मनचले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र की महिलाओं और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस के अनुसार, रामगढ़ थाना क्षेत्र में काफी समय से एक युवक द्वारा आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों पर फब्तियां कसने तथा उन्हें असहज करने की शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय के निर्देशन में पुलिस टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निर्देश के क्रम में उपनिरीक्षक शिववदन यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सूरज कुमार, निवासी सिकरिया कला, थाना रामगढ़, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमित गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
रामगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी महिला या युवती के साथ छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी या किसी प्रकार की उत्पीड़न की घटना होती है, तो उसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जनपद पुलिस लगातार अभियान चला रही है। सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित चेकिंग एवं गश्त की जा रही है, जिससे असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
