म्योरपुर से पहले सिंगरौली से शुरू हो सकती है विमान सेवा, हवाई पट्टी का सर्वे शुरू

Singrauli Airport से बड़े यात्री विमानों की उड़ान की तैयारी तेज हो गई है। सिंगरौलिया हवाई पट्टी का OLS सर्वे शुरू हो गया है और सर्वे रिपोर्ट के बाद उन्नयन की प्रक्रिया शुरू होगी।
शक्तिनगर। सीमा से सटे मध्य प्रदेश के सिंगरौली को हवाई सेवा से देश के महानगरों से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। हवाई सफर के रास्ते में आने वाली बाधाओं के सर्वे के लिए पहुंची टीम की तरफ से सकारात्मक संकेत दिए जाने से ऊर्जांचल के लोगों में प्रसन्नता है। सांसद राजेश मिश्रा ने सर्वे दल से मुलाकात कर परिस्थितियों की बारीकी से जानकारी हासिल की।
म्योरपुर और सिंगरौली में पहले से मौजूद है हवाई पट्टी
यूपी-एमपी के सीमावर्ती क्षेत्र में म्योरपुर व सिंगरौली (सिंगरौलिया) हवाई पट्टी पहले से मौजूद है। सिंगरौली से छोटे विमान उड़ाए जा चुके हैं। अब तैयारी बड़े यात्री विमानों के उड़ान की है।
सिंगरौलिया हवाई पट्टी को लेकर सकारात्मक खबर सामने आई है। हवाई पट्टी का ओएलएस सर्वे प्रारंभ हो गया है और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के चार सदस्यीय दल की तरफ से हवाई पट्टी एवं आसपास के क्षेत्रों का सर्वे किया जा रहा है।
सांसद ने सर्वेक्षण दल से की मुलाकात
इसी क्रम में लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने रविवार को सिंगरौलिया हवाई पट्टी पहुंचकर केंद्र से आए सर्वेक्षण दल से भेंट की। सांसद ने सर्वेक्षण दल से चर्चा कर अब तक की प्रगति एवं प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली।
सर्वे रिपोर्ट के बाद शुरू होगी उन्नयन की प्रक्रिया
सांसद ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट सबमिट होने के बाद हवाई पट्टी के उन्नयन की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। सिंगरौलिया हवाई पट्टी से विभिन्न महानगरों के लिए उड़ान सेवा प्रारंभ कराने की दिशा में प्रयास लगातार जारी हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से जल्द ही सिंगरौली को हवाई कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण सौगात मिल सकेगी।
ये लोग रहे मौजूद
इस दौरान पीडब्ल्यूडी के अभियंता संजय श्रीवास्तव, सांसद प्रतिनिधि संतोष वर्मा, भाजपा नेता नीरज सिंह परिहार, प्यारेलाल चतुर्वेदी, वशिष्ठ पांडेय, अरुण देव पांडेय, दिलशरण सिंह, आलोक शर्मा, अनुराग त्रिपाठी, अंश द्विवेदी, रवि पांडेय आदि उपस्थित रहे।
