सामग्री पर जाएं

Sonbhadra News: दसवां संस्कार के दौरान पोखरे में डूबा युवक, 39 वर्षीय रमेश की मौत

Text:
11 September 2026 · Editorial Desk

Sonbhadra News: चोपन के गुरमुरा में दसवां संस्कार के दौरान पोखरे में नहाते समय 39 वर्षीय रमेश कुमार डूब गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

ब्यूरो :- कृपा शंकर पांडेय

चोपन/सोनभद्र। थाना क्षेत्र के गुरमुरा में दसवां संस्कार के दौरान पोखरे में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पंचम खड़ी, पनारी निवासी रमेश कुमार (39) के रूप में हुई है। हादसा दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ।

बाल कटवाने के बाद पोखरे में नहाने गए थे रमेश

बताया गया कि रमेश कुमार दसवां संस्कार में शामिल होने के लिए घाट पर पहुंचे थे। बाल कटवाने के बाद वह पोखरे में नहाने गए। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए।

रमेश को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने और तलाशने की कोशिश शुरू की। इसी दौरान एक अन्य युवक भी उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद गया।

काफी प्रयास के बाद पानी से निकाला गया

काफी प्रयास के बाद लोगों ने रमेश कुमार को पोखरे से बाहर निकाला। इसके बाद रमेश और उन्हें बचाने के लिए पानी में कूदे युवक, दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले जाया गया।

सीएचसी चोपन के डॉक्टर रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि रमेश कुमार को अस्पताल लाए जाने के समय ही मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, दूसरे युवक की हालत सामान्य बताई गई है और उसे प्राथमिक उपचार दिया गया।

दो बेटों और तीन बेटियों के पिता थे रमेश

परिजनों के मुताबिक रमेश कुमार के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।