Sonbhadra News: डीएम-एसपी ने करमा थाने में फरियादियों की सुनी शिकायतें

Sonbhadra News: करमा थाने में डीएम चर्चित गौड़ और एसपी अभिषेक वर्मा ने थाना समाधान दिवस पर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। 145 मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ।
ब्यूरो :- कृपा शंकर पांडेय
सोनभद्र। जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शनिवार को जिले के सभी थानों में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। थाना करमा में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम-एसपी ने गंभीरता से सुनीं फरियादियों की शिकायतें
समाधान दिवस के दौरान डीएम और एसपी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर जाकर प्रकरणों की जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। फरियादियों को समय पर न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
एएसपी ने चोपन और अनपरा थाने में सुनी समस्याएं
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार ने थाना चोपन और थाना अनपरा पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी भी अपने-अपने थानों पर मौजूद रहे और फरियादियों की शिकायतों से रूबरू हुए।
समाधान दिवस के दौरान कुछ प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
भूमि विवादों पर विशेष जोर
अधिकारियों ने भूमि संबंधी मामलों के निस्तारण को लेकर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा गया कि भूमि विवादों में संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे, जिससे फरियादियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
संयुक्त जांच के माध्यम से मामलों का निष्पक्ष और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
पुलिस के 14 नए मामलों में 12 का निस्तारण
पुलिस विभाग के अनुसार, पूर्व से 10 प्रार्थना पत्र लंबित थे। शनिवार को 14 नए प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 का मौके पर निस्तारण किया गया।
वहीं, राजस्व विभाग से संबंधित 232 प्रार्थना पत्र पहले से लंबित थे। शनिवार को 71 नए प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जारी आंकड़ों के अनुसार राजस्व विभाग के 133 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Sonbhadra News: एसडीएम ने स्कूल में बच्चों को पढ़ाया, मिड डे मील भी चखा
