जिला संवाददाता, कृपा शंकर पांडेय
चोपन/सोनभद्र – थाना क्षेत्र के कन्हौरा गांव में शुक्रवार को सोन नदी में डूबने से एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों और मल्लाहों ने नदी में काफी देर तक खोजबीन की, जिसके बाद युवक का शव बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, कन्हौरा निवासी सत्येंद्र कुशवाहा (35) पुत्र रामलाल शुक्रवार शाम गांव के सामने सोन नदी के किनारे स्थित अपने खेत की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और युवक की तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों और मल्लाहों ने लगातार नदी में खोजबीन की। काफी प्रयासों के बाद, सत्येंद्र का शव डूबने वाले स्थान से लगभग 100 मीटर दूर बरामद हुआ।
सूचना मिलने पर चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। इस दुखद घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
पुलिस ने बताया कि मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
