मानकों से समझौते पर प्रशासन सख्त, SDM ने रुकवाया निर्माण कार्य

जिला संवाददाता/ कृपा शंकर पांडेय

घटिया सामग्री के इस्तेमाल और सीसी रोड की कम मोटाई मिलने पर कार्रवाई, ठेकेदार को नोटिस देने के निर्देश

सोनभद्र/डाला। नगर पंचायत डाला के वार्ड नंबर-6 में निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता मानकों की अनदेखी मिलने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बागीश कुमार शुक्ला के निर्देश पर उप जिलाधिकारी जफर अहमद ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं होने की शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद एसडीएम ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया।

निरीक्षण के दौरान शिकायतकर्ता राजेश, जिनकी पत्नी वार्ड की सभासद हैं, भी मौजूद रहे। मौके पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की गई। जांच में सामने आया कि सीसी रोड के किनारे बनाई जा रही साइड वाल की जुड़ाई में सीमेंट और बालू के निर्धारित मिश्रण के बजाय भस्सी यानी गिट्टी की धूल का इस्तेमाल किया जा रहा था।

इसके अलावा सीसी रोड की ढलाई की निर्धारित छह इंच ऊंचाई भी मौके पर कम पाई गई। निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पालन नहीं मिलने पर एसडीएम जफर अहमद ने तत्काल प्रभाव से काम रुकवा दिया।

एसडीएम ने संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मानकों का अनुपालन नहीं करने के संबंध में नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पंचायत डाला के अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह और संबंधित अवर अभियंता ओम तिवारी को निर्देशित किया कि आगे का निर्माण कार्य उनकी प्रत्यक्ष देखरेख में कराया जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का ही उपयोग किया जाए और सभी निर्धारित तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराया जाए।