इंडिया नेशन डेस्क, झांसी।
माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की गुरुवार को झांसी जाते समय हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। अबान अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था, जो झांसी जेल में बंद है। हादसे में उसके साथ यात्रा कर रहे दो अन्य लोगों की भी जान चली गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में घायल मोहम्मद उमर ने हादसे की पूरी घटना बताई है।
घायल उमर ने बताया- तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराई कार
हादसे में घायल मोहम्मद उमर ने बताया कि उनकी क्रेटा कार तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद क्या हुआ, उन्हें कुछ याद नहीं है।

उमर ने बताया, “कार का बैलेंस बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद सभी लोग घायल हो गए। जब होश आया तो खुद को सड़क पर पड़ा पाया।”
झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे
मोहम्मद उमर के मुताबिक, कार में अबान अहमद, फारुख, सोनू, जैद भाई और वह खुद सवार थे। सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे। अली अहमद से मिलने के लिए अबान अक्सर झांसी आता-जाता था।
पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
यह हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस के अनुसार, हाईवे पर तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
तीन की मौत, तीन घायल
हादसे में अबान अहमद समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि मोहम्मद उमर, मोहम्मद जैद और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
