जन्मदिवस पर छात्राओं के बीच पहुंचे डीएम चर्चित गौड़, केक काटकर साझा कीं खुशियां.

जिला संवाददाता/ कृपा शंकर पांडेय
सोनभद्र – जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अपने जन्मदिवस को एक नवाचार के रूप में मनाते हुए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचकर छात्राओं के साथ खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ केक काटा और उनके साथ भोजन भी ग्रहण किया। कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी, कैमूर वन्यजीव प्रभाग, मिर्जापुर आरुषि मिश्रा भी मौजूद रहीं।
जिलाधिकारी ने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहती हैं और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए किस तरह तैयारी कर रही हैं। छात्राओं ने विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने और अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने की इच्छा जताई।
डीएम ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटियां आज शिक्षा, विज्ञान, चिकित्सा, प्रशासन, खेल, तकनीक और सेना सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। छात्राएं अपनी क्षमता को पहचानकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ भोजन करते हुए विद्यालय में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने छात्राओं से भोजन को लेकर फीडबैक लिया तथा विद्यालय प्रशासन को भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में स्मार्ट क्लास और डिजिटल माध्यम से दी जा रही शिक्षा का जायजा लिया।
उन्होंने डिजिटल संसाधनों के उपयोग, शिक्षण प्रक्रिया और छात्राओं की सहभागिता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा को अधिक रोचक और प्रभावी बनाया जा सकता है, इसलिए छात्राओं को डिजिटल शिक्षा का अधिकतम लाभ दिया जाए। डीएम ने अधिकारियों को भी प्रेरित किया कि वे अपने विशेष अवसरों की खुशियां विद्यालयों, आश्रम पद्धति विद्यालयों और अन्य बाल संस्थानों के बच्चों के साथ साझा करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच जाकर समय बिताने और संवाद करने से उनमें अपनत्व, आत्मविश्वास और सकारात्मक भावनाओं का विकास होता है।
जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय के आने-जाने के मार्ग, पठन-पाठन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकताओं का तत्काल आकलन कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जरूरी सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जाएं। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रॉबर्ट्सगंज महेंद्र मौर्य सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
