सामग्री पर जाएं

खतरे के निशान से 44 सेंटीमीटर ऊपर पहुंची सोन नदी, चोपन में डीएम-एसपी ने लिया जायजा.

Text:
4 September 2026 · Kripashankar Pandey

ब्यूरो/ कृपा शंकर पांडेय

चोपन/ सोनभद्र – लगातार हो रही भारी बारिश के चलते सोन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़कर खतरे के निशान से 44 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को चोपन में सोन नदी किनारे स्थित तटवर्ती बस्तियों का औचक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी के बढ़ते जलस्तर, तटवर्ती बस्तियों की स्थिति और संवेदनशील स्थानों की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नदी किनारे और निचले इलाकों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय लोगों को बढ़ते जलस्तर के प्रति सचेत करने को कहा। डीएम ने नदी तट के संवेदनशील और आवागमन वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि लोग नदी अथवा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न जाएं। उन्होंने संभावित आपात स्थिति को देखते हुए राहत और बचाव से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तैयार रखने को भी कहा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील की कि सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है, इसलिए विशेष सावधानी बरतें।

नदी तट, तेज बहाव और जलप्रवाह वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। बच्चों और पशुओं को भी नदी के आसपास न जाने दें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन द्वारा सोन नदी के जलस्तर और तटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार पासवान, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, सीओ सदर रणधीर मिश्रा, चोपन नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।