सामग्री पर जाएं

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से सोनभद्र के विद्यार्थियों को मिलेगी निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी

Text:
20 August 2026 · Kripashankar Pandey

जिला संवाददाता/ कृपा शंकर पांडेय

सोनभद्र – मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत सोनभद्र में विद्यार्थियों को यूपीएससी, पीसीएस, नीट, जेईई सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, विकास भवन, लोढ़ी-राबर्ट्सगंज में संचालित कोचिंग केंद्र का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि समाज के पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के कई विद्यार्थी महंगी कोचिंग का खर्च वहन नहीं कर पाते हैं। ऐसे विद्यार्थियों का भविष्य संवारने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग की ओर से निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है। इसके लिए प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति कर विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है।


जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्र में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप पाठ्यक्रम के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ उचित मार्गदर्शन और मोटिवेशन भी दिया जाएगा। सीडीओ समेत प्रशासनिक अधिकारी समय-समय पर केंद्र पहुंचकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे और अपने अनुभव साझा करेंगे।


जिलाधिकारी ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य सोनभद्र में इस केंद्र की स्थापना का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को उनके ही क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर न जाना पड़े। आने वाले समय में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे केंद्र विकसित करने की योजना है। छात्रा रश्मि मौर्या ने बताया कि वह स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं और भविष्य में जज बनना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि निशुल्क कोचिंग उनके लक्ष्य को हासिल करने में मददगार साबित होगी। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।

छात्रा आराध्या पांडेय ने कहा कि योजना के तहत स्थानीय विद्यार्थियों को अपने जिले में ही ऑल इंडिया स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल रहा है। वहीं छात्रा सुहानी मिश्रा ने बताया कि वह पिछले वर्ष से कोचिंग में तैयारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए नियमित कक्षाओं में उपस्थित होना, अनुशासन और लगातार अभ्यास बेहद जरूरी है। उनका लक्ष्य यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास करना है।