बेंगलुरु में मजदूरी कर कमाने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

जिला संवाददाता/ कृपा शंकर पांडेय
चोपन/ सोनभद्र – थाना जुगैल क्षेत्र के ग्राम पंचायत जुगैल के जोरबा टोला निवासी 36 वर्षीय मजदूर तोपा सिंह खरवार की कर्नाटक के बेंगलुरु में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। शव घर पहुंचने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार तोपा सिंह खरवार पुत्र रामदेव खरवार 23 जुलाई 2026 को मजदूरी करने के लिए बेंगलुरु गए थे। बताया गया कि वह वहां केसी कंपनी में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। हालांकि मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। परिजनों और ग्रामीणों ने मामले की उचित जांच की मांग की है।

तोपा सिंह अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। मृतक की मजदूरी से ही परिवार का दैनिक खर्च और बच्चों की जरूरतें पूरी होती थीं। अचानक हुई मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। शव गांव पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। परिजनों का कहना है कि परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक की मौत के बाद संबंधित कंपनी की ओर से परिवार को अपेक्षित आर्थिक सहयोग नहीं मिला है।
उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करते हुए परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से गरीब परिवार की स्थिति को देखते हुए हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की मांग की है।
