सामग्री पर जाएं

गांजा तस्करी का अनोखा जुगाड़ फेल, कार की पिछली लाइट से निकले 24 पैकेट

Text:
8 September 2026 · Editorial Desk

सोनभद्र के बभनी में पुलिस ने कार की पिछली लाइट में बनी गुप्त कैविटी से 24 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

ब्यूरो, कृपा शंकर पांडेय

सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बभनी पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 24 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा और एक वेरना कार बरामद की है। बरामद गांजे और कार की कुल अनुमानित कीमत करीब 17.07 लाख रुपये बताई गई है।

नधिरा तिराहे पर चेकिंग के दौरान पकड़ी गई कार

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को बभनी थाना पुलिस की टीम नधिरा तिराहा पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बभनी की ओर से एक वेरना कार आ रही है, जिसमें गांजा तस्करी कर ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन संख्या UP70CD8010 को रोककर उसमें सवार दो लोगों से पूछताछ की और कार की तलाशी शुरू की।

कार की पिछली लाइट में बना रखा था गुप्त स्थान

तलाशी के दौरान पुलिस को कार की पीछे की लाइट के अंदर चोरी-छिपे बनाई गई कैविटी मिली। इसी गुप्त जगह में गांजे के 24 पैकेट छिपाकर रखे गए थे।

पुलिस ने पैकेटों को बाहर निकालकर उनका वजन कराया तो गांजे की कुल मात्रा 24 किलो 150 ग्राम निकली। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 7 हजार 500 रुपये है।

इसके अलावा पुलिस ने करीब पांच लाख रुपये कीमत की वेरना कार भी जब्त की है।

बिहार के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय कुमार ओझा (23) पुत्र पवन ओझा और विकाश ओझा उर्फ अविनाश ओझा (26) पुत्र मिथिलेश ओझा के रूप में की है। दोनों ग्राम जमुआ बिहिया, जिला भोजपुर, बिहार के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बरामद गांजे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

NDPS एक्ट में दर्ज हुआ मुकदमा

बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर बभनी थाने में मु.अ.सं. 195/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।

दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला कारागार सोनभद्र भेज दिया गया।

अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के निर्देशन में की गई।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार सरोज सहित थाना बभनी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।