CEIR का कमाल: सोनभद्र पुलिस ने बरामद किए 207 गुम मोबाइल, 30 लाख की संपत्ति लौटाई.

जिला संवाददाता/ कृपा शंकर पांडेय

सोनभद्र – जिले में खोए और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सोनभद्र पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने CEIR पोर्टल के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण और लगातार मॉनिटरिंग करते हुए जुलाई 2026 से अब तक कुल 207 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में मोबाइल बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सर्विलांस सेल, एसओजी टीम और जिले के सभी थानों की संयुक्त टीमों को लगाया गया था।

टीमों ने CEIR पोर्टल के माध्यम से प्राप्त तकनीकी जानकारी का विश्लेषण करते हुए गुम मोबाइल फोन को ट्रेस करने की कार्रवाई की। लगातार मॉनिटरिंग और तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल से पुलिस को 207 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली। बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को वापस किए गए। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल ने बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को वितरित किए।

लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। मोबाइल स्वामियों ने सोनभद्र पुलिस के प्रति आभार जताते हुए पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल बरामदगी की यह कार्रवाई सर्विलांस सेल, एसओजी और जनपद के सभी थानों की टीमों के बीच बेहतर समन्वय, तकनीकी दक्षता और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है।

CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइल की जानकारी जुटाकर उन्हें ट्रेस करने के बाद बरामद किया गया। सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन खोने या गुम होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर इसकी सूचना दर्ज कराएं और नजदीकी थाने को भी जानकारी दें। समय से सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा तकनीकी माध्यमों से मोबाइल को ट्रेस कर बरामद करने की कार्रवाई की जा सकती है।