Sonbhadra News: जनसुनवाई में छात्रा की समस्या पर डीएम ने लिया तत्काल संज्ञान, साइकिल दिलाकर आसान किया स्कूल का सफर.

जिला संवाददाता/ कृपा शंकर पांडेय
सोनभद्र – जनसुनवाई के दौरान चतरा विकासखंड के संडा गांव निवासी रामनारायण ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के समक्ष अपनी नातिन संध्या की समस्या प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि उनकी नातिन संध्या कक्षा 7 की छात्रा है और हरे कृष्णा कुशवाहा इंटरमीडिएट कॉलेज चतरा में पढ़ती है।
विद्यालय उनके घर से लगभग 8 किलोमीटर दूर है। आवागमन की समुचित व्यवस्था न होने और परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण संध्या को प्रतिदिन पैदल ही स्कूल आना-जाना पड़ता था, जिससे उसे काफी परेशानी होती थी। जिलाधिकारी ने छात्रा की समस्या और आवागमन की लचर व्यवस्था को गंभीरता से लिया।
उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए संध्या को साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस पहल से छात्रा के विद्यालय आने-जाने की समस्या का समाधान हो गया।
यह कार्रवाई मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला एवं बालिका सशक्तिकरण, बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहन और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
साइकिल मिलने पर रामनारायण और उनकी नातिन संध्या ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि जिला प्रशासन बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा में किसी भी प्रकार की बाधा न आने देने के लिए हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेगा।
