सोनभद्र में खनन कारोबारी इस्तियाक अहमद खान मुंबई से गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

सोनभद्र के खनन कारोबारी इस्तियाक अहमद खान को राधिका एंटरप्राइजेज के खनन पट्टे से जुड़े दस्तावेज और चेक में कथित धोखाधड़ी के मामले में मुंबई से गिरफ्तार किया गया।
ब्यूरो, कृपा शंकर पांडेय
राधिका एंटरप्राइजेज के खनन पट्टे से जुड़े दस्तावेजों और चेक में कथित धोखाधड़ी का मामला
सोनभद्र। राधिका एंटरप्राइजेज के खनन पट्टे से जुड़े मूल्यवान दस्तावेजों और चेक में कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने खनन कारोबारी इस्तियाक अहमद खान को मुंबई से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें सिविल जज सीनियर डिवीजन एफटीसी कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
तीन सितंबर को घर पर दी गई थी दबिश
बताया जाता है कि रिंकी श्रीवास्तव की शिकायत पर पुलिस ने 3 सितंबर को इस्तियाक अहमद खान के घर पर दबिश दी थी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वह घर से फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी और मुंबई से उन्हें गिरफ्तार किया।
न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
इस्तियाक अहमद खान की पेशी के दौरान सोनभद्र जिला न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। न्यायालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुनवाई के दौरान खनन कारोबार से जुड़े कई लोग भी मौजूद रहे।
बचाव पक्ष ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
वहीं, बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी पर सवाल उठाए। अधिवक्ता का कहना था कि यह मूल रूप से कारोबारी विवाद का मामला है और मामले में अदालत में तारीख पहले से लगी हुई है।
बचाव पक्ष ने सवाल उठाया कि जब 19 तारीख को न्यायिक प्रक्रिया के तहत सुनवाई होनी है तो उससे पहले इतना दबाव क्यों बनाया जा रहा है। अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस एक पक्ष के लिए मददगार की भूमिका में नजर आ रही है।
जमानत के लिए अदालत में दाखिल होगी अर्जी
बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत जमानत मांगना आरोपी का अधिकार है। इसके लिए अदालत में जमानत अर्जी दाखिल की जाएगी।

फिलहाल इस्तियाक अहमद खान को अदालत के आदेश पर 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की न्यायिक प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है।
